28 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। महिला से छेड़खानी, मारपीट, गाली-गलौज और अभद्रता के गंभीर मामले में जोबी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम ओंगना के सरपंच समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला अभियान ‘संवेदना’ के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 50 वर्षीय महिला ने 28 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई कि 27 अगस्त की रात करीब 8 बजे अमित राठिया, अनिल कुमार राठिया, धनसिंह राठिया और इगेन्द्र राठिया उसके घर पहुंचे। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी तथा जान से मारने की धमकी दी।
महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके कपड़े खींचकर उतारने का प्रयास किया। वह किसी तरह घर से निकलकर गली में पहुंची, जहां अनिल राठिया ने उसे पीछे से पकड़ लिया और अमित व धनसिंह उसके साथ मारपीट करते हुए कपड़े खींचने लगे। वहीं इगेन्द्र द्वारा मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो बनाए जाने का आरोप है। महिला की आवाज सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
शिकायत पर जोबी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 76 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स और पल्सर मोटरसाइकिल तथा कथित रूप से घटना का वीडियो बनाने में इस्तेमाल ओप्पो मोबाइल फोन जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित राठिया (36), अनिल कुमार राठिया (30), धनसिंह राठिया (52) और इगेन्द्र राठिया (22) के रूप में हुई है। आरोपी अमित राठिया ग्राम ओंगना का सरपंच बताया गया है। विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों से जुड़े मामलों में रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई तत्काल, संवेदनशील और कानूनसम्मत होगी तथा आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
