28 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। थाना सिरगिट्टी क्षेत्र के हरदी स्थित शराब भट्टी में शराब खरीदने के लिए लाइन में लगने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बहस के बाद आरोपी ने राकेश प्रजापति पर धारदार वस्तु से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल राकेश को पुलिस टीम उपचार के लिए अस्पताल लेकर रवाना हुई, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सिरगिट्टी पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजने की कार्रवाई की। प्रारंभिक पूछताछ और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में सामने आया है कि शराब खरीदने के लिए लाइन में लगने के दौरान मृतक और आरोपी के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
इसी दौरान आरोपी ने राकेश प्रजापति पर धारदार वस्तु से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
थाना सिरगिट्टी में मामले में विधिवत अपराध पंजीबद्ध करने की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगाई गई है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
