29 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर रायगढ़ विशेष
रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत पत्नी की हत्या के मामले में करीब चार महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद तमिलनाडु भाग गया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 3 जून 2026 को आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा अपनी पत्नी ननकी बाई के साथ शराब के नशे में था। घर लौटते समय गाड़ा घुटरा जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि आरोपी ने पत्नी के साथ हाथ-मुक्का और डंडे से मारपीट की, फिर पत्थर से सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोटों के चलते महिला की मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत हत्यात्मक प्रकृति की पाए जाने के बाद कापू पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया था।
हत्या के बाद आरोपी लगातार फरार था और तमिलनाडु में छिपा हुआ था। इसी बीच पुलिस को उसके गांव लौटने की सूचना मिली। थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर और डंडा बरामद किया है। घटनास्थल का पुनर्निर्माण भी कराया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत पुलिस लगातार फरार आरोपियों और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी: कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा, उम्र 29 वर्ष, निवासी गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा, थाना कापू, जिला रायगढ़।
जप्त सामग्री: घटना में प्रयुक्त पत्थर एवं डंडा।
