28 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। बिलासपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से बिलासपुर पहुंची एलायंस एयर की उड़ान की लैंडिंग के दौरान विमान का टायर अचानक फट गया। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पायलट की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित रूप से रनवे पर रोक लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से बिलासपुर आने वाली एलायंस एयर की उड़ान संख्या 9आई697 शुक्रवार को बिलासपुर एयरपोर्ट पर उतर रही थी। लैंडिंग के दौरान अचानक विमान का टायर फट गया। इसके बावजूद पायलट ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए विमान को सुरक्षित रनवे पर रोक लिया।

सभी यात्री सुरक्षित, किसी के घायल होने की सूचना नहीं
विमान में सवार सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था तत्काल सक्रिय की गई और विमान को सुरक्षित तरीके से खड़ा कर उसकी तकनीकी जांच शुरू की गई।
प्रयागराज जाने वाली उड़ान रद्द:विमान में तकनीकी समस्या सामने आने के बाद बिलासपुर से प्रयागराज जाने वाली उड़ान प्रभावित होकर रद्द कर दी गई। इससे प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों को उड़ान रद्द होने की सूचना दी गई।
टायर फटने की वजह की जांच जारी:फिलहाल विमान का टायर किस वजह से फटा, इसकी सटीक जानकारी सामने नहीं आई है। तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा विमान की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि लैंडिंग के दौरान हुई इस तकनीकी घटना के बावजूद विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे और संभावित बड़ा हादसा टल गया।
