28 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
मानिकपुर में सीसी रोड एवं रनिंग वाटर निर्माण कार्य का भूमि पूजन, विकास कार्यों में सहभागिता का दिया संदेश
बिलासपुर। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मानिकपुर में सीसी रोड निर्माण कार्य एवं रनिंग वाटर निर्माण कार्य का भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक एवं जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक-3 के मार्गदर्शक त्रिलोक चंद्र श्रीवास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने कहा कि आम जनमानस चाहे शहरी हो या ग्रामीण, उनकी सेवा करने, अपने क्षेत्र के विकास कार्यों में सहभागी बनने तथा उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहने से आत्मिक सुख की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी केवल प्रतिनिधित्व तक सीमित नहीं होती, बल्कि अपने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास करते रहना भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास सीधे तौर पर ग्रामीणों के जीवन को बेहतर बनाने से जुड़ा है। सड़क और रनिंग वाटर जैसी सुविधाएं आम लोगों की दैनिक जरूरतों को पूरा करने के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति देती हैं। उन्होंने विकास कार्यों में ग्रामीणों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जनता के सहयोग और सहभागिता से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय जनपद सदस्य एवं जनपद पंचायत बिल्हा की सभापति श्रीमती रामादेवी मौर्य, कांग्रेस नेता श्री महेश मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत के सरपंच ने की।
भूमि पूजन कार्यक्रम में मोहन जायसवाल, प्रकाश सिंह ठाकुर, सौरभ मौर्य, वसंत मरकाम, अनिल केवट, रठलाल केवट, श्याम सुंदर, अजीत यादव, धर्मेंद्र सोनी, जितेंद्र शर्मा, शुभम श्रीवास सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में विकास कार्यों को लेकर उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
