28 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:मस्तूरी विकासखंड के ग्राम ओखर स्थित गौधाम में पशुओं की मौत के मामले में पशु चिकित्सा विभाग की जांच रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले तीन दिनों में कुल 6 पशुओं की मृत्यु हुई, जिनमें 4 की मौत वृद्धावस्था और 2 की अन्य कारणों से होना पाया गया है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. गोपाल शरण सिंह के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने गौधाम का निरीक्षण किया। टीम ने मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कर आवश्यक जांच की और मौके की परिस्थितियों का भी जायजा लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि अत्यधिक बारिश के कारण गौधाम परिसर में जलभराव और भूमि प्रभावित हुई है। रिपोर्ट के अनुसार 21 अगस्त 2026 को गौधाम से पशुओं को विस्थापित किया गया था। वर्तमान में वहां ग्राम पंचायत ओखर के करीब 300 पशु मौजूद हैं।
पशुओं की सुरक्षा को देखते हुए सरपंच की सहमति से सभी पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने और चराई के लिए बाहर ले जाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने पशुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने की बात कही है।
