27 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बेमेतरा विशेष
बेमेतरा। खम्हरिया थाना क्षेत्र के ग्राम उसलापुर में पारिवारिक विवाद और निजी बातों को लेकर बुजुर्ग महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में मृतिका के 70 वर्षीय पति बाबूलाल वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त की सुबह ग्राम उसलापुर में विशाखा वर्मा की घर के बाहर खून से लथपथ लाश मिली थी। महिला के गले के पास चोट के निशान पाए गए। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतिका के पति बाबूलाल वर्मा को घटना के आसपास हाथ में टंगिया लेकर घूमते देखा गया था।
मृतिका के पुत्र रामकुमार वर्मा की रिपोर्ट पर खम्हरिया पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का की निगरानी में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश उपाध्याय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
पूछताछ में कबूला अपराध
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही बाबूलाल वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि आपसी पारिवारिक विवाद और निजी बातों को लेकर वह आवेश में आ गया था और टंगिया से पत्नी के गले के पास वार कर दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टंगिया सहित अन्य साक्ष्य बरामद कर जब्त किए। आरोपी बाबूलाल वर्मा को 26 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश उपाध्याय, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सुरेश चौहान, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र तिवारी, डायल-112 के आरक्षक मनीष मिश्रा, चालक मोहन मरकाम सहित आरक्षक बलदेव निषाद, अशरफी खान, एश्वर्य सिन्हा, महेन्द्र सोनवानी, चुरावन पाल, लोकेश्वर साहू, अनील सोनकर, रमन चंद्राकर एवं महिला आरक्षक सुशीला ध्रुव समेत खम्हरिया पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
