27 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़, 27 अगस्त 2026। फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तमनार और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों में लंबे समय से फरार आदतन बाइक चोर भोले शंकर कैवर्त को पूंजीपथरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी भोले शंकर कैवर्त पिता जीवन प्रकाश कैवर्त, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम डभरा, जिला सक्ती वर्ष 2020 से चोरी की वारदातों में सक्रिय बताया गया है। वह रायगढ़ कोतवाली, तमनार, घरघोड़ा और पूंजीपथरा थाना क्षेत्रों में बाइक चोरी के मामलों में पूर्व में गिरफ्तार हो चुका है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ तमनार थाने में 5, घरघोड़ा में 3, रायगढ़ कोतवाली में 2 और पूंजीपथरा में 1 बाइक चोरी का मामला दर्ज है। इन मामलों में गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। जमानत पर बाहर आने के बाद वह न्यायालय में नियमित रूप से पेश नहीं हुआ, जिसके चलते विभिन्न प्रकरणों में उसके विरुद्ध कुल 11 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे।
“ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार वारंटियों की लगातार पतासाजी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि भोले शंकर कैवर्त पूंजीपथरा क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर तमनार और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को सभी 11 वारंटों के परिपालन में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
फरार वारंटी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव, थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव सहित दोनों थानों के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ लगातार जारी है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
