25 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बेमेतरा विशेष
बेमेतरा। गौवंश के साथ क्रूरता के मामले में दाढ़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 105 गौवंश बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हेमाबंध निवासी दिलीप राय (55) और उसका पुत्र संजय राय (35) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गौवंशों को कथित तौर पर बिना पर्याप्त चारा-पानी और उचित व्यवस्था के छोटे बाड़े में ठूंस-ठूंसकर रखते थे। जांच में यह भी सामने आया कि बीमार अथवा मृत गौवंशों को ट्रैक्टर में लादकर सुनसान स्थान पर फेंक दिया जाता था।
मामले की शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव और एसडीओपी भुषण एक्का के मार्गदर्शन में दाढ़ी पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपी दिलीप राय ने अपना अपराध स्वीकार किया।
कार्रवाई के दौरान मौके से 105 गौवंश बरामद किए गए। सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिसमें 9 गौवंशों की हालत बेहद खराब मिलने पर उन्हें उपचार के लिए अन्य स्थान पर भेजा गया। बाकी गौवंशों को जिले की विभिन्न गौशालाओं में सुरक्षित रखवाया गया है।
मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित भारतीय न्याय संहिता और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परीक्षण अधिनियम की संबंधित धाराएं जोड़ी गई हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
