25 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
रक्षाबंधन के मौके पर ओशन पब्लिक स्कूल में एक भावपूर्ण और जागरूकता से भरा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सरकंडा थाना प्रभारी श्री प्रदीप आर्या के नेतृत्व में अपनी पुलिस टीम के साथ स्कूल पहुंचे। विद्यार्थियों ने पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और आभार जताते हुए उन्हें रक्षा सूत्र बांधे और रक्षाबंधन के पैकेट भी दिए।

स्कूल की प्राचार्या ममता श्रीवास्तव और कोऑर्डिनेटर नेहा चंद्रा एवं समस्त शिक्षिका गण” ने थाना सरकंडा पुलिस टीम का स्वागत किया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पुलिसकर्मियों और बच्चों के बीच हुई यह आत्मीय बातचीत सुरक्षा, विश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने वाली रही।

कार्यक्रम के दौरान सरकंडा थाना प्रभारी श्री प्रदीप आर्या और उनकी पूरी टीम ने विद्यार्थियों को साइबर क्राइम,ऑनलाइन सुरक्षा और महिला सुरक्षा के बारे में जागरूक किया। उन्होंने शिक्षिकाओं और बच्चों से कहा कि वे अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP और पासवर्ड जैसी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें, संदिग्ध फोन कॉल और मैसेज से सावधान रहें और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करें।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि डिजिटल दुनिया में जागरूक और सतर्क रहना बहुत जरूरी है। छोटी-सी लापरवाही भी साइबर अपराध का कारण बन सकती है। इसलिए किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को देनी चाहिए।

प्राचार्या ममता श्रीवास्तव ने पुलिस विभाग का आभार जताते हुए कहा कि पुलिसकर्मी समाज की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। विद्यार्थियों द्वारा उन्हें रक्षा सूत्र बांधना उनके प्रति सम्मान, विश्वास और आभार का प्रतीक है।

कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के पर्व को एक खास संदेश से जोड़ दिया—रक्षा सिर्फ रक्षा सूत्र बांधने तक सीमित नहीं है, बल्कि एक-दूसरे की सुरक्षा, सम्मान और जिम्मेदारी का संकल्प भी है। पुलिस विभाग और स्कूल परिवार की इस पहल ने विद्यार्थियों को भावनात्मक रूप से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें डिजिटल सुरक्षा के प्रति भी जागरूक बनाया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
