25 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
रायपुर। पीएम-ई-बस सेवा योजना के तहत छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और कोरबा में 240 इलेक्ट्रिक बसें संचालित करने की तैयारी तेज हो गई है। इसे लेकर नगरीय प्रशासन विभाग और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अधिकारियों की बैठक में विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई।

बैठक में अधिकारियों को शहर की जरूरत के अनुसार रूट तय करने, स्कूल-कॉलेज, अस्पताल, बाजार और प्रमुख संस्थानों को ई-बस नेटवर्क से जोड़ने के निर्देश दिए गए। यात्री संख्या और मांग के आधार पर रूट का चरणबद्ध अध्ययन कर अंतिम रूप दिया जाएगा।

ई-बस संचालन के लिए डिपो, चार्जिंग स्टेशन और बस स्टॉप की तैयारी भी समयबद्ध तरीके से करने पर जोर दिया गया। भविष्य में बसों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए डिपो की क्षमता तय करने के निर्देश दिए गए।
बस संचालन की रियल टाइम निगरानी के लिए कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम विकसित किया जाएगा। नागरिकों को बसों और रूट की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।
बैठक में 30 अक्टूबर तक निर्धारित कार्य पूरे करने और 1 नवंबर के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए समयबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। महिलाओं के लिए विशेष ई-बस सेवा शुरू करने के संभावित रूट और संचालन व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।
अधिकारियों ने कहा कि ई-बस सेवा का उद्देश्य स्वच्छ, सुरक्षित, आधुनिक और सुगम सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।
