25 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने समय-सीमा बैठक में पीएम आवास योजना की समीक्षा करते हुए पहली किश्त मिलने के बावजूद लंबे समय से निर्माण शुरू नहीं करने वाले हितग्राहियों पर सख्ती के निर्देश दिए हैं। जिले में करीब 2 हजार हितग्राही ऐसे हैं, जिन्हें पहली किश्त मिले डेढ़ से दो साल बीत चुके हैं, लेकिन निर्माण शुरू नहीं हुआ।

कलेक्टर ने ऐसे हितग्राहियों को अंतिम चेतावनी देकर तय समय में निर्माण शुरू नहीं करने पर स्वीकृति निरस्त करने और अपात्र पाए जाने पर राशि की वसूली के निर्देश दिए। पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ देने पर भी जोर दिया गया।
सरकारी राशि के दुरुपयोग या गबन के मामलों में संबंधित सरपंचों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मस्तूरी के ग्राम दवनडीह में अधूरे आंगनबाड़ी भवन के मामले में संबंधित सरपंच को धारा 40 के तहत हटाने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया।

सौर ऊर्जा और किसानों के पंजीयन पर भी जोर
कलेक्टर ने बताया कि जिले में अब तक करीब 6,500 सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का प्रचार बढ़ाकर अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए गए।
एग्रीस्टेक पोर्टल पर करीब 45 हजार किसानों का पंजीयन अभी बाकी है। अभियान चलाकर पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम समय-सीमा में पूरा करने को कहा गया। भारी बारिश-बाढ़ से प्रभावित लोगों की आर्थिक सहायता के प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और मौसमी बीमारियों की निगरानी के भी निर्देश दिए गए।
