25 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 24 अगस्त 2026। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच बिलासपुर पुलिस की तत्परता से एक 68 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक को करीब 35 लाख रुपये की ठगी का शिकार होने से बचा लिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते बैंक खाते में जमा पूरी राशि सुरक्षित बच गई।
जानकारी के अनुसार, एक सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिक, निवासी सीपत रोड, सरकंडा को अज्ञात मोबाइल नंबर 9401274963 से कॉल किया गया। कॉल करने वाले ने खुद को “सुनील कुमार गौतम, आईपीएस, बाराबंकी/मुंबई” बताते हुए वरिष्ठ नागरिक को मनी लॉन्ड्रिंग के एक बड़े मामले में फंसे होने का डर दिखाया और उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर लिया।
ठगों ने लगातार भय और दबाव बनाकर वरिष्ठ नागरिक के अलग-अलग बैंक खातों में जमा रकम को एक ही बैंक खाते में स्थानांतरित करा लिया। इस तरह करीब 35 लाख रुपये एक खाते में जमा करा लिए गए। इसके बाद आरोपी वीडियो मीटिंग के माध्यम से बैंक खाते में जमा पूरी रकम निकालने अथवा दूसरे खाते में स्थानांतरित करने की तैयारी कर रहे थे।
इसी दौरान वरिष्ठ नागरिक के एक मित्र ने मामले की जानकारी बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह को मोबाइल फोन के माध्यम से दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल थाना सरकंडा प्रभारी को मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने तत्काल संबंधित मोबाइल नंबरों की जांच की, जिसमें उक्त नंबर साइबर ठगी एवं फर्जीवाड़े की गतिविधियों से जुड़ा पाया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वरिष्ठ नागरिक को ठगी का शिकार होने से बचा लिया गया और उनके बैंक खाते में जमा करीब 35 लाख रुपये सुरक्षित बचा लिए गए।
घटना की रिपोर्ट राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई है। संबंधित मोबाइल नंबर तथा उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस द्वारा आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील
बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा फोन या वीडियो कॉल पर पुलिस अधिकारी, सीबीआई, ईडी, आरबीआई अथवा किसी अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर धमकाने या डिजिटल अरेस्ट की बात कहने पर घबराएं नहीं। किसी भी सरकारी एजेंसी द्वारा फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट नहीं किया जाता। संदिग्ध कॉल की तत्काल सूचना पुलिस को दें और किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाते से रकम ट्रांसफर न करें।
श्री रजनेश सिंह (आईपीएस)
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
