24 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने सोमवार को यातायात थाना बिलासपुर का औचक निरीक्षण कर शहर की यातायात व्यवस्था और सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह समेत यातायात पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। आईजी ने यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान आईटीएमएस से जारी चालानों और लंबित प्रकरणों की स्थिति देखी गई। आईजी ने हेलमेट जागरूकता अभियान को तेज करने, नाबालिग वाहन चालकों पर सख्ती से कार्रवाई करने और स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थानों व प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। हाईवे पर खड़े वाहनों और अवैध पार्किंग के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
आईजी गर्ग ने ब्लैक स्पॉट और ट्रैफिक हॉटस्पॉट की समीक्षा कर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुधार करने को कहा। वहीं सड़कों पर मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। यातायात पुलिस द्वारा अब तक 10 हजार से अधिक मवेशियों को रेडियम बैंड पहनाए जाने और 61 ‘कैटल ऑन रोड’ बोर्ड लगाए जाने की जानकारी दी गई।
बैठक में सरकंडा, तिफरा और लिंक रोड में स्वीकृत तीन नए यातायात थानों को शीघ्र शुरू करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। आईजी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था देना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जागरूकता के साथ नियम तोड़ने वालों पर लगातार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
