बिलासपुर:जिले में मिलावटी, असुरक्षित और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ के तहत सप्ताहभर चले विशेष अभियान में 19 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 15 विधिक और 4 निगरानी नमूने लिए गए, जबकि विभिन्न प्रतिष्ठानों से 117 किलोग्राम मिठाई जब्त कर नष्ट कराई गई।

कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन और नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ के निर्देश पर चलाए गए अभियान में अस्वास्थ्यकर एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार करने वाले प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान एक फर्म का लाइसेंस और एक फर्म का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों को बंद भी कराया गया।

102 किलो श्री बर्फी-मिक्स जब्त:कार्रवाई के दौरान मेसर्स पवन ट्रेडर्स, व्यापार विहार से 102 किलोग्राम श्री बर्फी-मिक्स जब्त कर प्रकरण तैयार किया गया। वहीं मेसर्स श्रीराम स्वीट्स, नगपुरा, सिरगिट्टी से करीब 15 किलोग्राम बर्फी नष्ट कराई गई।
मेसर्स श्रीराम स्वीट्स में अस्वास्थ्यकर एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण पाए जाने पर प्रतिष्ठान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसी तरह मेसर्स प्रबल फूड प्रोडक्ट, दुमानी, मस्तूरी का पंजीयन निलंबित कर फर्म को बंद कराया गया।

इसके अलावा मेसर्स कमलेश जनरल स्टोर, रानीगांव से शिव गंगा नमकीन का नमूना लिया गया और भ्रामक दावे के आधार पर नोटिस जारी किया गया। इससे पहले 14 अगस्त 2026 को मेसर्स मद्रासी रेस्टोरेंट, बिलासपुर का लाइसेंस भी अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण पाए जाने पर निलंबित किया गया था।

त्योहारी सीजन में बढ़ेगी निगरानी:अभियान के दौरान कार्रवाई के साथ आम नागरिकों को भी खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। विभाग ने लोगों से खाद्य सामग्री खरीदते समय लेबल और निर्माण संबंधी जानकारी पढ़ने, अत्यधिक रंगीन खाद्य पदार्थों से बचने तथा खाद्य सामग्री को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में रखने की अपील की।
खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान समाप्त होने के बाद भी निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
यह कार्रवाई अभिहित अधिकारी आर.आर. देवांगन के मार्गदर्शन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीरसागर पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रतीक तिवारी की टीम द्वारा की गई।
