24 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। बालाजी गैस एजेंसी के खिलाफ लगातार मिल रही उपभोक्ता शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व, खाद्य विभाग और आईओसीएल की संयुक्त टीम ने मगरपारा स्थित एजेंसी कार्यालय और महाराणा चौक स्थित गैस गोदाम में औचक जांच की। जांच के दौरान ऑनलाइन स्टॉक और मौके पर मौजूद वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर सामने आया।

ऑनलाइन रिकॉर्ड में 864 भरे गैस सिलेंडर दर्ज थे, लेकिन भौतिक सत्यापन के दौरान मौके पर केवल 452 भरे सिलेंडर मिले। यानी रिकॉर्ड की तुलना में 412 भरे सिलेंडर कम पाए गए। वहीं रिकॉर्ड में 473 खाली सिलेंडर दर्ज थे, जबकि मौके पर 487 खाली सिलेंडर मिले।

स्टॉक में इस गंभीर विसंगति के बाद जांच टीम ने मौके पर उपलब्ध 452 भरे और 487 खाली, कुल 939 गैस सिलेंडरों को जब्त कर लिया। टीम ने एजेंसी के दस्तावेजों और स्टॉक रजिस्टर समेत संबंधित अभिलेखों की भी जांच की।

उपभोक्ताओं ने भी दर्ज कराई शिकायतें:जांच के दौरान मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से एजेंसी की सेवाओं को लेकर जानकारी ली गई और उनके बयान दर्ज किए गए। उपभोक्ताओं ने बुकिंग के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने तथा ऑनलाइन डिलीवरी दर्ज होने के बावजूद वास्तविक रूप से सिलेंडर प्राप्त नहीं होने जैसी शिकायतें सामने रखीं। एजेंसी के खिलाफ कॉल सेंटर और सीएम हेल्पलाइन 1076 में शिकायतें दर्ज होने की जानकारी भी जांच में सामने आई।

सात दिन में कलेक्टर को सौंपेंगे रिपोर्ट:संयुक्त जांच टीम अब एजेंसी से जुड़े दस्तावेज, स्टॉक और उपभोक्ता शिकायतों की विस्तृत जांच करेगी। जांच दल को सात दिनों के भीतर प्रतिवेदन कलेक्टर को सौंपना है। जांच रिपोर्ट के आधार पर एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच टीम में तहसीलदार प्रकाश साहू, सहायक खाद्य अधिकारी अजय मौर्य, खाद्य निरीक्षक विनीता दास, वर्षा सिंह, मंगेश कांत, ललिता शर्मा, आशीष दीवान, वसुधा राजपूत तथा आईओसीएल के सेल्स ऑफिसर पंकज छेतिजा शामिल रहे।
मुख्य तथ्य:
ऑनलाइन रिकॉर्ड में भरे सिलेंडर: 864
मौके पर मिले भरे सिलेंडर: 452
कम मिले भरे सिलेंडर: 412
मौके पर मिले खाली सिलेंडर: 487
कुल जब्त सिलेंडर: 939
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
