24 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बेमेतरा विशेष
बेमेतरा। मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ बेमेतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 किलो 539 ग्राम गांजा बरामदगी के मामले में तीसरे आरोपी बल्लु जैन उर्फ बलराम को मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के चरगंवा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश कुमार यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का तथा एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
17 मई को पकड़ा गया था गांजा:मामला 17 मई 2026 का है। सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल से सिमगा की ओर से बेमेतरा आ रहे हैं और उनके पास गांजा रखा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम ने बेरला तिराहा कोबिया के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ा था।
तलाशी के दौरान नितेश पटेल और भोला ठाकुर उर्फ छोटे भाई ठाकुर, दोनों निवासी जबलपुर, के कब्जे से पांच पैकेट में 10 किलो 539 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 1.52 लाख रुपये थी, बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल सहित करीब 2.08 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की थी।
पूछताछ में सामने आया बल्लु जैन का नाम:विवेचना के दौरान आरोपी नितेश पटेल से पूछताछ और तकनीकी संसाधनों के आधार पर पुलिस को पता चला कि जब्त गांजा बल्लु जैन उर्फ बलराम के लिए उड़ीसा निवासी रमेश राणा से खरीदा गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 23 अगस्त को बल्लु जैन उर्फ बलराम जैन (55 वर्ष), निवासी चरगंवा, थाना चरगंवा, जिला जबलपुर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को मध्यप्रदेश के पाटन स्थित न्यायालय से 25 अगस्त तक ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद 24 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
फरार आरोपी की तलाश जारी:मामले में गांजा उपलब्ध कराने वाले उड़ीसा निवासी रमेश राणा की तलाश अभी जारी है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पतासाजी कर रही है।
बेमेतरा पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों में शामिल अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई में: थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, सहायक उप निरीक्षक जितेन्द्र कश्यप, आरक्षक कमलेश सोनवानी सहित सिटी कोतवाली बेमेतरा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
