24 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। अचानकमार टाइगर रिजर्व के एटीआर रेंज में शेरनी के हमले से 25 वर्षीय युवक की मौत से इलाके में दहशत फैल गई है। युवक जंगल में करिल काटने और पीहरी लेने गया था, इसी दौरान शेरनी ने उस पर हमला कर दिया। घटना में युवक की गर्दन पर गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान ग्राम बांधा निवासी 25 वर्षीय धरम दास घृतलहरे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह जंगल में गया था। इसी दौरान शेरनी ने उस पर हमला कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि शेरनी अपने शावक के साथ जंगल में मौजूद थी और युवक के अचानक करीब पहुंचने पर उसने हमला किया।

जंगल में मिला युवक का शव:घटना की जानकारी मिलते ही जुनापारा पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने एटीआर रेंज के जोगीपुर जंगल क्षेत्र से युवक का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए लोरमी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
शेरनी और शावक की मौजूदगी से बढ़ी दहशत:घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम शेरनी की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। शेरनी के साथ शावक की मौजूदगी को देखते हुए जंगल क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल में नहीं जाने, अकेले जंगल की ओर न जाने और विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी है। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की टीम घटना की जांच कर रही है।
एक युवक की जान चली गई, लेकिन इस घटना ने एटीआर से लगे गांवों में वन्यजीवों के खतरे को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
