24 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के हेमूनगर में मामूली बात को लेकर एक आदतन बदमाश ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। मामले में तोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को प्रार्थी मोहम्मद राज पिता मोहम्मद आलम, उम्र 22 वर्ष, निवासी हेमूनगर तोरवा ने रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि वह मोबाइल पर बात कर रहा था, इसी दौरान आरोपी राहुल ठाकूर वहां शराब पी रहा था। आरोपी ने प्रार्थी को ज्यादा बात करने की बात कहते हुए शराब के नशे में उसके गाल के पास चाकू से वार कर दिया।
सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल ठाकूर पिता स्वर्गीय अजय ठाकूर, उम्र 24 वर्ष, निवासी चंदन पान ठेला के पास, सत्तू गली हेमूनगर, तोरवा को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद कर जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला, जिसमें उसके विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज होना सामने आया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया है। आरोपी के विरुद्ध पृथक से बॉन्ड ओवर के लिए इस्तगासा भी न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
आरोपी के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3), 118(1) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
राहुल ठाकूर, पिता स्वर्गीय अजय ठाकूर, उम्र 24 वर्ष, निवासी हेमूनगर, तोरवा, बिलासपुर।
जब्त सामग्री:
एक बटनदार चाकू।
