23 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर में कांग्रेसी नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमला कराने के मामले में तारबाहर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नवीन पटेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने श्याम कश्यप की हत्या के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराए थे। मामले में इससे पहले दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया जा चुका है।
मामला 4 जुलाई 2026 की सुबह का है। शिशिर कश्यप की रिपोर्ट के अनुसार, उनके पिता सुबह करीब 6:45 बजे मार्निंग वॉक के लिए निकले थे। रेलवे अस्पताल के पास पहुंचने पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने डंडे और नुकीली वस्तु से हमला करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तारबाहर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की पहचान की। इसके बाद संदेहियों से पूछताछ और साक्ष्य जुटाते हुए पुलिस पहले नितिन टेकाम, साहिल सोनकर और एक विधि से संघर्षरत बालक तक पहुंची।
मुख्य आरोपी नवीन पटेल को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार उसने श्याम कश्यप की हत्या के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने नवीन पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में एएसपी क्राइम मधुलिका सिंह, एएसपी शहर पंकज पटेल, सीएसपी सिटी कोतवाली गगन कुमार, डीएसपी क्राइम सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में तारबाहर थाना पुलिस और एसीसीयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
