23 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित एसईसीएल की गेवरा मेगा परियोजना में देश के पहले 21 क्यूबिक मीटर क्षमता वाले इलेक्ट्रो-हाइड्रोलिक फेस शॉवेल का शुभारंभ किया गया। एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने मशीन का लोकार्पण किया। गेवरा को एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदानों में शामिल किया जाता है।

नई मशीन के संचालन से गेवरा परियोजना में कोयला उत्पादन क्षमता, सुरक्षा और खनन कार्यों की दक्षता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मशीन में 360 डिग्री कैमरा, ऑपरेटर थकान निगरानी प्रणाली, एयर-सस्पेंशन सीट, समायोज्य जॉयस्टिक, हाइड्रोलिक सीढ़ियां, गैस आधारित अग्निशमन प्रणाली और एफओपीएस मानक वाला सुरक्षित केबिन जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।

मशीन को एसईसीएल के फ्लीट मैनेजमेंट सिस्टम से भी जोड़ा गया है, जिससे इसके संचालन और कार्यक्षमता की वास्तविक समय में निगरानी की जा सकेगी। इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता करीब 53.1 लाख घनमीटर बताई गई है।

लोकार्पण कार्यक्रम में एसईसीएल के निदेशक तकनीकी, योजना एवं परियोजना रमेश चंद्र महापात्र, एजीएम संजय मिश्रा सहित गेवरा परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
