23 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर में पांच लाख रुपये की सुपारी लेकर हत्या की कोशिश के मामले में तारबाहर पुलिस और साइबर टीम ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आंचल साहिल बोले उर्फ साहिल सोनकर (23) निवासी समता नगर गौरेला के रूप में हुई है।
मामला 4 जुलाई का है। सुबह मार्निंग वॉक पर निकले श्याम कश्यप पर रेल्वे अस्पताल के पास तीन नकाबपोश युवकों ने डंडे और नुकीली वस्तु से हमला कर दिया था। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी थी।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पूर्व में गिरफ्तार आरोपी नितिन टेकाम और विधि से संघर्षरत बालक से पूछताछ में खुलासा हुआ कि गौरेला-पेंड्रा निवासी दीपक तिवारी ने हत्या के लिए पांच-पांच लाख रुपये देने का लालच दिया था।
पुलिस ने फरार आरोपी साहिल सोनकर को उसके घर पहुंचने की सूचना पर घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर डंडे से हमला करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई में तारबाहर थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर तिवारी, उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, आरक्षक महेन्द्र सोनकर, रूपलाल चंद्रा, भागीरथी गेदले सहित साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
