22 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए अटल विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को साइबर ठगी के नए तरीकों तथा उनसे बचाव के उपाय बताए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप महानिरीक्षक श्री रजनेश सिंह ने कहा कि साइबर ठग अब उच्च शिक्षित लोगों को भी निशाना बना रहे हैं। उन्होंने फर्जी लिंक, संदिग्ध वेबसाइट, अनजान संदेश और क्यूआर कोड से होने वाली ठगी से सावधान रहने की अपील की। साथ ही ओटीपी, पिन, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी।

कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि साइबर अपराध किसी के साथ भी हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने और परिवार व परिचितों को भी साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
इसी क्रम में चंद्रा अकादमी और चंद्रहासिनी अकादमी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को भी साइबर अपराध के तरीकों और बचाव की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ठग दुर्घटना या अस्पताल में भर्ती होने जैसी झूठी सूचना देकर भी लोगों से तत्काल पैसे ट्रांसफर करवाने का प्रयास करते हैं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने साइबर जागरूकता सेल्फी अभियान में हिस्सा लिया तथा ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में भी भाग लिया।

बिलासपुर पुलिस ने अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, क्यूआर कोड, कॉल, संदेश या ऑनलाइन ऑफर पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत करें।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
