22 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
रतनपुर। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम रैनपुर कर्रा स्थित अनमोल ढाबे में दबिश देकर 150 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई है। कार्रवाई में ढाबा संचालक और कर्मचारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-12 एजी-2845 से कच्ची महुआ शराब ढाबे तक पहुंचाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश कुमार पांण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अनमोल ढाबे की घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस कार्रवाई में अतुल सोनी (30), कुनाल साहू (25) और शिवशंकर गोंड (39) को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 150 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश कुमार पांण्डेय, प्रधान आरक्षक कौशलराम खुटे, आरक्षक धीरज कश्यप, पवन ठाकुर और आकाश डोंगरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
