22 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत लैलूंगा पुलिस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 4.108 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन समेत करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बोलेरो में ओडिशा से गांजा लेकर तस्कर लैलूंगा-पत्थलगांव मार्ग से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू कर दी।

इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति वाहन की पायलटिंग करते हुए दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन मोटरसाइकिल से गिर गया। चोट लगने के कारण उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लैलूंगा भेजा गया। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए बोलेरो वाहन की तलाश जारी रखी।
कुछ देर बाद बोलेरो क्रमांक 26 BH 4095 B पाकरगांव की ओर से लैलूंगा आते दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन को दूसरी दिशा में भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम जशवंत कुमार शर्मा (32), निवासी लखनऊ, उत्तर प्रदेश बताया। वाहन में मौजूद महिला की पहचान ज्योति जाटव (23), निवासी लखनऊ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने ओडिशा से गांजा लेकर लखनऊ जाने की बात स्वीकार की।
तलाशी के दौरान महिला के कब्जे में रखे काले रंग के पिट्ठू बैग से चार पैकेटों में कुल 4.108 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। वहीं तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो की कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जब्ती
गांजा — 4.108 किलोग्राम, कीमत करीब 2 लाख रुपये
बोलेरो वाहन — कीमत करीब 8 लाख रुपये
कुल जब्ती — करीब 10 लाख रुपये
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और तस्करी में शामिल आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, एएसआई प्रेम साय भगत, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैकरा, देव प्रसाद राठिया, आरक्षक शशिभूषण उरांव, राजू तिग्गा, चमर साय भगत तथा महिला आरक्षक लीलावती एक्का शामिल रहे।
सीजी क्राइम रिपोर्टर✍️प्रधान संपादक
