21 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत चक्रधरनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आईपीएल 2026 के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले मुख्य खाईवाल सानू बेरीवाल सहित उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी करीब चार माह से फरार चल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 4 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में सानू बेरीवाल पिता स्व. ललित बेरीवाल उम्र 32 वर्ष निवासी पंचवटी कॉलोनी थाना चक्रधरनगर, मोहित संथालिया पिता अजय संथालिया उम्र 19 वर्ष निवासी मोवा रायपुर तथा विजय कुमार देवांगन पिता स्व. सीताराम देवांगन उम्र 43 वर्ष निवासी थाना चक्रधरनगर रायगढ़ शामिल हैं।
दरअसल, आईपीएल 2026 के दौरान रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत 9 अप्रैल 2026 को साइबर थाना और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने बोईरदादर शालिनी स्कूल रोड स्थित गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर में दबिश दी थी। यहां पुलिस ने पंकज जयसिंह और जयदेव मित्रा को मोबाइल के माध्यम से केकेआर और एलएसजी के बीच खेले जा रहे आईपीएल मुकाबले में हार-जीत पर दांव लगवाते पकड़ा था।
पूछताछ में दोनों ने मुख्य खाईवाल सानू बेरीवाल के लिए क्रिकेट सट्टा संचालित करना और सट्टे की रकम का यूपीआई के माध्यम से लेन-देन करना स्वीकार किया था।

इसके बाद 10 अप्रैल 2026 को साइबर एवं चक्रधरनगर पुलिस ने पंचवटी नगर बोईरदादर निवासी कशिश बलानी को उसके मकान के बाहर मोबाइल के जरिए सीएसके और डीसी के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते पकड़ा। पूछताछ में उसने भी करीब एक वर्ष से सानू बेरीवाल के लिए क्रिकेट सट्टे का काम करने तथा रकम का यूपीआई के माध्यम से लेन-देन करना बताया था।
दोनों मामलों में थाना चक्रधरनगर में धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 3(5) बीएनएस के तहत अपराध क्रमांक 157/2026 और 158/2026 दर्ज किए गए थे। जांच के दौरान सानू बेरीवाल सहित मोहित संथालिया और विजय कुमार देवांगन की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी।
21 अगस्त 2026 को तीनों आरोपियों के मिलने पर पुलिस ने उन्हें थाना तलब कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने सानू बेरीवाल से 2 मोटोरोला मोबाइल, मोहित संथालिया से 1 सैमसंग मोबाइल और विजय कुमार देवांगन से 1 सैमसंग मोबाइल, कुल 4 मोबाइल फोन जब्त किए।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर दोनों मामलों में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा एवं साइबर डीएसपी रोहन शुक्ला के मार्गदर्शन में निरीक्षक राकेश मिश्रा, थाना प्रभारी चक्रधरनगर, थाना प्रभारी साइबर विजय चेलक, उप निरीक्षक गेंद लाल साहू, एएसआई आशीष रात्रे तथा साइबर थाना एवं चक्रधरनगर थाना पुलिस टीम द्वारा की गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का कड़ा संदेश:रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सट्टा-जुआ और ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से जुड़े आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत फरार आरोपियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी की जा रही है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
