21 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सड़क हादसों में दोपहिया वाहन चालकों की बढ़ती मौतों को देखते हुए यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ अब विशेष अभियान छेड़ दिया है। जिले के सभी प्रमुख शहरों के प्रवेश और निकास मार्गों पर एक साथ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों को रोककर हेलमेट की अनिवार्यता और सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर लगने वाली चोटों के गंभीर परिणामों के बारे में जागरूक किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के विशेष पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण में सामने आया है कि दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में हेलमेट नहीं पहनना गंभीर चोट और मृत्यु का प्रमुख कारण बन रहा है। इसी को देखते हुए पुलिस ने शहर के आउटर क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है।
2025 के आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता:पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण में दोपहिया वाहन चालकों से संबंधित दुर्घटनाओं का प्रतिशत 61.6 प्रतिशत रहा। वहीं बिना हेलमेट वाहन चलाने के दौरान हुई मौतों में 66 प्रतिशत मामलों में सिर में गंभीर चोट को मृत्यु का कारण पाया गया।
इन आंकड़ों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने हेलमेट को केवल यातायात नियम नहीं, बल्कि जीवन बचाने वाला सुरक्षा कवच बनाने के उद्देश्य से अभियान को तेज किया है।

हर एंट्री-एग्जिट प्वाइंट पर पुलिस की नजर:विशेष ड्यूटी प्लान के तहत जिले के प्रमुख प्रवेश एवं निकास मार्गों पर राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की निगरानी में थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस की टीमों और अतिरिक्त बल को तैनात किया गया। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को मौके पर ही हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया तथा नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने दोपहिया वाहन विक्रेताओं को भी चेकिंग स्थलों के आसपास हेलमेट स्टॉल लगाने के लिए आमंत्रित किया, ताकि जिन वाहन चालकों के पास हेलमेट नहीं है, उन्हें मौके पर ही हेलमेट उपलब्ध कराया जा सके।

पुलिस का संदेश—हेलमेट पहनें, सुरक्षित घर पहुंचें:यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाला व्यक्ति भी हेलमेट का उपयोग करे। यातायात नियमों का पालन केवल कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए किया जाए।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे, डीएसपी शिव चरण परिहार, सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार, सीएसपी कोतवाली गगन कुमार, सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर यादव, सीएसपी चकरभाठा राजेश जोशी, एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय, एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार, प्रोबेशनर डीएसपी आकाश चौधरी सहित जिले के थाना प्रभारी, यातायात पुलिस की टीमें, पेट्रोलिंग, क्रेन एवं वाहन लिफ्टर टीम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस की दो टूक—सड़क पर निकलना है तो हेलमेट पहनना ही होगा, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
