19 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बेलतरा-अकलतरी के नवीन शासकीय महाविद्यालय भवनों के लिए ₹9.31 करोड़ से अधिक स्वीकृत, मंगला में मुक्तिधाम के लिए ₹50 लाख और सामुदायिक भवन के लिए ₹1 करोड़ मंजूर
बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विकास की तस्वीर अब केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं, बल्कि बजट, स्वीकृति और निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। राज्य शासन ने क्षेत्र में शिक्षा और नागरिक सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों के लिए कुल ₹10 करोड़ 81 लाख 68 हजार की नई स्वीकृति प्रदान की है।
इस बड़ी स्वीकृति में बेलतरा और अकलतरी के नवीन शासकीय महाविद्यालय भवनों के निर्माण के लिए ₹9 करोड़ 31 लाख 68 हजार, जबकि मंगला में मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं उद्यान कार्य के लिए ₹50 लाख तथा सार्वजनिक सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए ₹1 करोड़ शामिल हैं।
बेलतरा-अकलतरी के युवाओं के लिए ₹9.32 करोड़ का बड़ा निवेश:बेलतरा और अकलतरी में नवीन शासकीय महाविद्यालय भवनों के निर्माण के लिए स्वीकृत ₹9 करोड़ 31 लाख 68 हजार की राशि दोनों महाविद्यालयों के लिए बराबर-बराबर निर्धारित की गई है। प्रत्येक महाविद्यालय भवन के लिए ₹4 करोड़ 65 लाख 84 हजार स्वीकृत किए गए हैं।
इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक, स्थायी और बेहतर शैक्षणिक अधोसंरचना उपलब्ध कराने का रास्ता साफ हुआ है। यह स्वीकृति बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के हजारों युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने कहा कि क्षेत्र में महाविद्यालय खोलना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर भवन और सुविधाएं उपलब्ध कराना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया निवेश सीधे आने वाली पीढ़ी के भविष्य को मजबूत करता है।
मंगला को भी ₹1.50 करोड़ की नई सौगात:मंगला क्षेत्र के लिए राज्य शासन ने कुल ₹1.50 करोड़ की नई स्वीकृति दी है। इसमें ₹50 लाख मंगला मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं उद्यान कार्य के लिए तथा ₹1 करोड़ सार्वजनिक सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए स्वीकृत किए गए हैं।
विधायक श्री सुशांत शुक्ला के अनुसार, जून माह में मंगला में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उनकी मांग पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने मुक्तिधाम के विकास एवं सौंदर्यीकरण तथा सामुदायिक भवन के लिए राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। अब शासन ने उस घोषणा को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
मुक्तिधाम के लिए अब तक कुल ₹1 करोड़ उपलब्ध
मंगला मुक्तिधाम के विकास को लेकर विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि पूर्व में डीएमएफ मद से ₹50 लाख की राशि उनके प्रयासों से स्वीकृत हो चुकी है।
अब राज्य शासन से ₹50 लाख की नई स्वीकृति मिलने के बाद मंगला मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार, विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए कुल ₹1 करोड़ की राशि उपलब्ध होगी।
महत्वपूर्ण बात यह है कि पूर्व में स्वीकृत डीएमएफ की ₹50 लाख राशि वर्तमान ₹1.50 करोड़ की नई शासन स्वीकृति में शामिल नहीं है। वर्तमान शासन स्वीकृति में अलग से ₹50 लाख मुक्तिधाम और ₹1 करोड़ सामुदायिक भवन के लिए मंजूर किए गए हैं।
₹1 करोड़ के सामुदायिक भवन से बढ़ेंगी नागरिक सुविधाएं
मंगला में ₹1 करोड़ की लागत से सार्वजनिक सामुदायिक भवन का निर्माण क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। भवन बनने के बाद स्थानीय नागरिकों को सामाजिक, सामुदायिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने कहा कि मंगला की जनता की आवश्यकता को देखते हुए विषय उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया था। जून में घोषणा के बाद अब राशि की स्वीकृति मिलना इस बात का प्रमाण है कि जनता की मांग को शासन तक पहुंचाकर उसे विकास कार्य में बदलने की दिशा में काम किया जा रहा है।
“घोषणा से आगे बढ़कर स्वीकृति और क्रियान्वयन की ओर बेलतरा”:विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले कई विकास कार्य घोषणाओं तक सीमित रह गए, लेकिन वर्तमान सरकार में घोषणाओं को बजट और प्रशासनिक स्वीकृति से जोड़कर धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “विकास केवल घोषणा करने से नहीं होता। विकास तब होता है, जब उसके लिए बजट स्वीकृत हो, प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति मिले और काम धरातल पर दिखाई दे।”
उन्होंने कहा कि बेलतरा-अकलतरी के महाविद्यालय भवनों के लिए ₹9 करोड़ 31 लाख 68 हजार और मंगला में ₹1.50 करोड़ की नई स्वीकृति इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
शिक्षा, अधोसंरचना और जनसुविधाओं पर फोकस
विधायक ने कहा कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विकास की प्राथमिकता केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है। शिक्षा, नागरिक सुविधाएं, सिंचाई, अधोसंरचना और जनसुविधाओं को समान प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बेलतरा-अकलतरी के महाविद्यालय भवनों के लिए मिली ₹9.31 करोड़ से अधिक की स्वीकृति युवाओं के भविष्य में बड़ा निवेश है, जबकि मंगला में ₹1.50 करोड़ के विकास कार्य नागरिक सुविधाओं को मजबूत करेंगे।
विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं राज्य शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेलतरा विधानसभा में विकास की प्रक्रिया लगातार गति पकड़ रही है।
उन्होंने कहा कि “बेलतरा में अब विकास केवल घोषणाओं की बात नहीं है। घोषणा के बाद स्वीकृति, स्वीकृति के बाद निर्माण और निर्माण के बाद जनता को उसका लाभ मिले—इसी लक्ष्य के साथ लगातार काम किया जा रहा है।”
कुल स्वीकृति एक नजर में:
कुल नई शासन स्वीकृति: ₹10 करोड़ 81 लाख 68 हजार
बेलतरा शासकीय महाविद्यालय भवन: ₹4 करोड़ 65 लाख 84 हजार
अकलतरी शासकीय महाविद्यालय भवन: ₹4 करोड़ 65 लाख 84 हजार
मंगला मुक्तिधाम जीर्णोद्धार एवं उद्यान कार्य: ₹50 लाख
मंगला सार्वजनिक सामुदायिक भवन: ₹1 करोड़
मंगला मुक्तिधाम के लिए पूर्व डीएमएफ स्वीकृति: ₹50 लाख
मुक्तिधाम के लिए कुल उपलब्ध राशि: ₹1 करोड़
