18 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। रतनपुर के महामाया चौक में देर रात राहगीर को रोककर डंडे के बल पर लूटपाट करने के मामले में रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग समेत पांच आरोपियों को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1000 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त ऑटो जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम कर्रा निवासी युवराज सिंह प्रधान 17 अगस्त की रात रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से इलाज कराने के बाद घर लौट रहा था। रात करीब 12 बजे वह महामाया चौक स्थित कृष्णा ट्रेडर्स के पास पहुंचा, तभी ऑटो क्रमांक सीजी 10 सीडी 7944 में सवार कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पैसों की मांग की और डंडा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसकी पेंट की जेब से 1200 रुपये लूटकर फरार हो गए।

रिपोर्ट मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी और तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपियों तथा वारदात में इस्तेमाल ऑटो की तलाश शुरू कराई। जांच में ऑटो सवार युवकों का संबंध सरकंडा क्षेत्र के ईमलीभाठा से सामने आया। पुलिस टीम ने आरोपियों के ठिकानों पर घेराबंदी कर राहुल दुबे (25), पवन कुमार गौहर (19) और तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने लूटपाट की घटना स्वीकार कर ली। उनके कब्जे से 1000 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त ऑटो जब्त किया गया। आरोपियों और विधि से संघर्षरत बालकों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक निलेश पाण्डेय, सउनि नीलाकर सेठ, आरक्षक आकाश डोंगरे, धीरज कश्यप, देवानंद चन्द्राकर, बसंत मानिकपुरी, हरनारायण नेटी, मोरध्वज चन्द्रा और धनराज कुम्भकार का विशेष योगदान रहा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
