18 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
रायगढ़। नाबालिग बालिका के लापता होने की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लैलूंगा पुलिस ने बालिका को सकुशल दस्तयाब कर उसे भगाकर ले जाने वाले 24 वर्षीय युवक निखिल मांझी को गिरफ्तार किया है। बालिका के बयान और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद पुलिस ने मामले में दुष्कर्म से संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
मामला 9 अगस्त की रात का है। बालिका घर से बिना बताए चली गई थी। परिजनों और रिश्तेदारों के यहां तलाश के बावजूद जब उसका पता नहीं चला तो 12 अगस्त को लैलूंगा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बालिका के माता-पिता और सहेलियों से पूछताछ की। जांच में संदेही निखिल मांझी से बालिका की बातचीत होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी के कब्जे से लापता नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया।
महिला पुलिस अधिकारी द्वारा लिए गए बालिका के बयान में उसने आरोपी पर शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ भगाकर ले जाने और शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया। बयान और चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में धारा 69 बीएनएस तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 और 6 जोड़ी। बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी निखिल मांझी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिग बालिकाओं से जुड़े मामलों में रायगढ़ पुलिस संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई कर रही है। गुम बालिकाओं की सुरक्षित दस्तयाबी पुलिस की प्राथमिकता है और उन्हें बहला-फुसलाकर या भगाकर ले जाने वाले आरोपियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
