18 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। शहर के रिहायशी इलाके में हुई चोरी की बड़ी वारदात ने पुलिस की पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में अज्ञात चोरों ने एक रेलवे लोको पायलट के सूने मकान को निशाना बनाकर मुख्य चैनल गेट और दरवाजा तोड़ा तथा घर के अंदर रखे लॉकर से करीब 4 लाख 50 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए।

घटना 14 और 15 अगस्त की दरमियानी रात की बताई जा रही है। मकान मालिक अपने परिवार और बच्चे के साथ शतरंज प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए शहर से बाहर भिलाई गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर राजकिशोर नगर स्थित शनि मंदिर के पीछे उनके मकान में धावा बोल दिया।
पड़ोसी ने दी चोरी की सूचना:पीड़ित रेलवे के बिलासपुर डिवीजन में लोको पायलट के पद पर कार्यरत हैं। शिकायत के मुताबिक वे 14 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे परिवार के साथ भिलाई रवाना हुए थे। अगले दिन 15 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे पड़ोसी राजेश सोनी ने फोन कर बताया कि घर के मुख्य चैनल गेट का ताला टूटा हुआ है और मुख्य दरवाजा भी उखड़ा हुआ दिखाई दे रहा है।

सूचना मिलते ही पीड़ित परिवार के साथ वापस बिलासपुर पहुंचा। मौके पर पुलिस भी पहुंच चुकी थी। पुलिस की मौजूदगी में घर के अंदर प्रवेश करने पर चैनल गेट का ताला टूटा मिला। मुख्य दरवाजा क्षतिग्रस्त था और बेडरूम में रखी आलमारी का दरवाजा व लॉकर भी टूटा हुआ मिला। कमरे में कपड़े और सामान बिखरा पड़ा था।
लॉकर से जेवरात गायब:पीड़ित के मुताबिक चोर लॉकर में रखे पुराने इस्तेमाल किए हुए सोने-चांदी के जेवरात ले गए। चोरी गए सामान में तीन सोने के सेट, एक डायमंड अंगूठी, दो सोने के मंगलसूत्र, दो सोने की चूड़ियां, दो सोने की चेन, एक रिंग, एक सोने का घोकर, एक सोने का हार, एक सोने का सीताहार, एक जोड़ी सोने की बाली, एक सोने का टॉपा, चार जोड़ी चांदी की पायल और करीब 10 नग चांदी की बिछिया शामिल हैं।

पीड़ित ने चोरी गए जेवरात की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये बताई है।
रिहायशी इलाके में वारदात, गश्त पर उठे सवाल
राजकिशोर नगर जैसे रिहायशी इलाके में घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात चोरी होने की घटना ने पुलिस की रात्रिकालीन पेट्रोलिंग और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी है कि जब चोर मुख्य चैनल गेट का ताला तोड़कर मकान के भीतर घुसे और आलमारी का लॉकर तक तोड़ डाला, तब इलाके में पुलिस की गश्त कितनी प्रभावी थी?
फिलहाल सरकंडा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। अब पुलिस के सामने चुनौती चोरी की इस वारदात को सुलझाने के साथ-साथ रिहायशी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देने की भी है।
