17 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। नाबालिग बालिकाओं से जुड़े अपराधों में त्वरित कार्रवाई के तहत खरसिया पुलिस ने 17 वर्ष 6 माह की किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान रितेश कुमार पटेल (25), निवासी ग्राम औरदा, थाना मालखरौदा, जिला सक्ती के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में खरसिया में रहने के दौरान किशोरी की पहचान आरोपी से हुई थी। आरोपी टेंट लगाने का काम करता था। दोनों के बीच मोबाइल के जरिए बातचीत होने लगी। आरोप है कि आरोपी ने किशोरी को शादी का झांसा देकर टेंट हाउस में बुलाया और उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। इसके बाद बोतल्दा पहाड़ घूमने के बहाने ले जाकर भी दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बाद में किशोरी को अपने गांव औरदा ले गया, जहां कुछ दिन अपने घर में रखने के बाद उसे वहां से निकाल दिया।
मामले में 16 जुलाई 2026 को किशोरी की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए खरसिया पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को उसके मामा के घर ग्राम नावानारा कल्ला, थाना सक्ती में मौजूद होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को अभिरक्षा में लिया।
पुलिस ने पीड़िता का महिला पुलिस अधिकारी एवं न्यायालय के समक्ष कथन कराया। घटनास्थल का निरीक्षण कर नक्शा तैयार किया गया और पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया।
पूछताछ के बाद आरोपी को थाना खरसिया के अपराध क्रमांक 364/2026 में धारा 64(2)(M) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन तथा चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में आरक्षक धनंजय कश्यप, कृति सिदार एवं गोविंद बनर्जी की अहम भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
