17 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर पुलिसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए बिलासपुर पुलिस को दो प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

अजाक थाना को मिला शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार से बिलासपुर के अजाक थाना को सम्मानित किया गया। पुरस्कार के रूप में थाना को रनिंग शील्ड, 50 हजार रुपये की नगद राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। यह सम्मान अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों में उत्कृष्ट विवेचना, संवेदनशील कार्यप्रणाली, त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए किए गए कार्यों के आधार पर दिया गया।

पुलिस उप अधीक्षक को भी मिला पुलिस महानिदेशक पुरस्कार:इसी क्रम में अजाक के पुलिस उप अधीक्षक श्री डी.आर. टंडन को पुलिस महानिदेशक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें 25 हजार रुपये की नगद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। यह सम्मान अत्याचार संबंधी मामलों में प्रभावी वैज्ञानिक विवेचना और संवेदनशील पुलिसिंग के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया।
अजाक थाना टीम को भी किया गया सम्मानित:पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में किए गए उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए अजाक थाना बिलासपुर के थाना प्रभारी निरीक्षक उत्तम साहू सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को 5-5 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
पुलिस विभाग के अनुसार, बिलासपुर पुलिस ने पिछले वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार प्राप्त किया था। लगातार दूसरे वर्ष राज्य स्तर पर सम्मान मिलना पुलिस टीम की कार्यकुशलता और समर्पण को दर्शाता है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि पूरी पुलिस टीम की कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित मामलों में समयबद्ध कार्रवाई, निष्पक्ष विवेचना, आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई तथा पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है।
अधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान पुलिस बल को और अधिक ईमानदारी, समर्पण एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। साथ ही भविष्य में भी समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों की सुरक्षा, न्याय और अधिकारों की रक्षा के लिए बिलासपुर पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
