16 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बेमेतरा विशेष
बेमेतरा। गुटखा खाकर घर में कहीं भी थूकने से मना करना एक महिला को भारी पड़ गया। इसी बात को लेकर 65 वर्षीय ससुर ने आपा खो दिया और घर में रखी सब्जी काटने की धारदार वस्तु से अपनी बहू के पेट पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर महिला के हाथ की उंगली में भी चोट आई। पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामला थाना चंदनू क्षेत्र के ग्राम देवरी का है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी मुकेश घृतलहरे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 अगस्त 2026 की दोपहर करीब 3:30 बजे वह खलेश्वर पाटले के साथ घर के सामने जैतखाम के पास खड़ा था। इसी दौरान गोविंद घृतलहरे के घर से विवाद की आवाज सुनाई दी। दोनों मौके पर पहुंचे तो बहू ताजेश्वरी घृतलहरे अपने ससुर को गुटखा खाकर जहां-तहां थूकने से मना कर रही थी।
बताया गया कि इसी बात पर गोविंद घृतलहरे भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद उसने घर में रखी सब्जी काटने की चाकू से बहू के पेट पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान महिला के हाथ की उंगली में भी चोट लगी। परिजनों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर महिला को आरोपी के हमले से बचाया।
चाकू के हमले से महिला के बाएं पेट के ऊपरी हिस्से, पसली तथा हाथ की उंगली में गंभीर चोट आई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बेमेतरा ले जाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बेमेतरा त्रिलोक बंसल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव और एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का के मार्गदर्शन में थाना चंदनू पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी गोविंद घृतलहरे पिता स्व. परसू दास घृतलहरे, उम्र 65 वर्ष, निवासी देवरी, थाना चंदनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार वस्तु सहित अन्य साक्ष्य बरामद किए गए।
आरोपी के विरुद्ध धारा 109, 296, 351(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे 15 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक द्वारिका प्रसाद देशलहरे, प्रधान आरक्षक रघुनाथ नेताम, आरक्षक भूषण राजपूत, सुनील साहू, हीरालाल साहू, अमित यादव, राजतिलक हिरवानी सहित थाना चंदनू पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
