16 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। स्थानीय जोरा पारा स्थित सुवाणी शांतिधाम सुखाश्रम में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के जयघोष के बीच करतल ध्वनि के साथ ध्वजारोहण किया गया। पूरे परिसर में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं सुखाश्रम प्रमुख रेखा आहुजा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल स्वच्छंदता का पर्व नहीं, बल्कि आत्मअनुशासन, राष्ट्रहित और जिम्मेदार नागरिक जीवन का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज हम जिस उन्मुक्त वातावरण में सांस ले रहे हैं, वह देश के असंख्य वीरों के आत्मबलिदान और लंबे संघर्ष का परिणाम है। ऐसे में सार्वजनिक जीवन में स्वअनुशासन को अपनाना और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना ही वीर शहीदों एवं मां भारती के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि “सेवा एक नई पहल” के संयोजक सतराम जेठमलानी ने उपस्थित बुजुर्गों, सिंधी सेंट्रल पंचायत महिला विंग की पूर्व अध्यक्षा कविता मंगवानी, युवा समाजसेवी नवीन पंजवानी, आश्रम संचालक श्याम तिवारी, राधा फाउंडेशन की संस्थापिका सरिता सिंग तथा सुखाश्रम प्रमुख रेखा आहुजा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी आगंतुकों एवं देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुखाश्रम में रहने वाले प्रभुजनों के बीच फल, मिष्ठान, नमकीन सहित अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। यह सेवा कार्य विशेष आमंत्रित अतिथि कविता मंगवानी एवं नवीन पंजवानी के स्नेह-सानिध्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ हुआ। आयोजन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम, सेवा, सम्मान और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
