16 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित चेतना हाल में बिलासपुर पुलिस का सम्मान समारोह देशभक्ति, उत्साह और गौरव के माहौल में आयोजित हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 83 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के परिवारजन भी समारोह का हिस्सा बने।

सम्मान समारोह में एयरपोर्ट सुरक्षा, उच्च न्यायालय संबंधी दायित्व, अपराध निराकरण, संपत्ति बरामदगी, मादक पदार्थ संबंधी मामलों की उत्कृष्ट विवेचना, डायल-112, सीसीटीएनएस संचालन, वीआईपी सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, बीट व्यवस्था, आसूचना संकलन, गंभीर अपराधों के आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रशासनिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सम्मानित पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की बेहतर कार्यशैली से न केवल बिलासपुर पुलिस की प्रतिष्ठा बढ़ती है, बल्कि “आप लोगों के बेहतर कार्य करने से मेरी वर्दी की शान और बढ़ती है।” उन्होंने सभी को भविष्य में भी अनुशासन, संवेदनशीलता, तत्परता और पूरी निष्ठा के साथ कर्तव्य निभाने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में उप पुलिस अधीक्षक पंकज अवस्थी, निरीक्षक श्वेता मिश्रा गौरेहा, निरीक्षक प्रदीप आर्य, निरीक्षक राहुल तिवारी सहित अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न शाखाओं और मैदानी ड्यूटी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मी भी प्रशस्ति पत्र से सम्मानित हुए।
देशभक्ति गीतों से गूंजा पुलिस परिवार:सम्मान समारोह के दौरान पुलिस परिवार के सदस्यों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की प्रस्तुतियां दीं। इससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति और उत्साह से भर गया। विशेष आकर्षण तब रहा जब एसएसपी रजनेश सिंह ने भी गीत गायन में सहभागिता कर पुलिस परिवार के साथ आत्मीयता साझा की।
उन्होंने पुलिस परिवार को बिलासपुर पुलिस का अभिन्न अंग बताते हुए उनके सहयोग और योगदान की सराहना की। सम्मानित पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों के साथ उन्होंने तस्वीरें भी खिंचवाईं।
स
मारोह के अंत में एसएसपी रजनेश सिंह ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बिलासपुर पुलिस के उज्ज्वल और सशक्त भविष्य की कामना की। समारोह ने यह संदेश दिया कि वर्दी की ताकत केवल कानून लागू करने में नहीं, बल्कि कर्तव्य, समर्पण और उत्कृष्ट सेवा से उसकी प्रतिष्ठा बढ़ाने में भी है।
