16 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस पर राघवेंद्र राव सभा भवन स्थित बिलासपुर प्रेस क्लब देशभक्ति, पत्रकारिता की गरिमा और राष्ट्रीय चेतना के रंग में सराबोर नजर आया। तिरंगे की शान के बीच पत्रकारों ने न केवल आजादी के पर्व का उत्सव मनाया, बल्कि उन संघर्षों और बलिदानों को भी याद किया, जिनमें देश की पत्रकारिता ने अपनी कलम से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित गरिमामय समारोह में प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने इस बार एक सराहनीय पहल करते हुए ध्वजारोहण का दायित्व क्लब के उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी को सौंपा। उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तो पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम के नारों और तालियों से गूंज उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की पूजा-अर्चना और पुष्प अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद ध्वजारोहण हुआ। तिरंगा लहराते ही पत्रकारों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया और पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ गाया।

तिरंगे के साथ याद आई पत्रकारिता की वह गौरवशाली विरासत:समारोह में वक्ताओं और पत्रकार साथियों के बीच इस बात की चर्चा रही कि स्वतंत्रता आंदोलन में पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं थी, बल्कि उसकी कलम ने जनजागरण और राष्ट्रनिर्माण में निर्णायक भूमिका निभाई। तिरंगे के सामने खड़े पत्रकारों ने उस गौरवशाली परंपरा को नमन किया और पत्रकारिता की जिम्मेदारी को और मजबूती से निभाने का संकल्प लिया।
देशभक्ति गीतों से दोपहर तक गूंजता रहा प्रेस क्लब:ध्वजारोहण के बाद प्रेस क्लब में देशभक्ति गीत-संगीत का दौर शुरू हुआ। पत्रकार साथियों ने अपनी प्रस्तुतियों से वातावरण को भावनात्मक और उत्साहपूर्ण बना दिया। देशप्रेम से ओत-प्रोत गीतों ने आजादी के संघर्ष और बलिदानों की यादें ताजा कर दीं।

सुबह करीब 9 बजे शुरू हुआ देशभक्ति का यह सिलसिला दोपहर 12 बजे तक चलता रहा और समारोह को यादगार बना गया।
वर्षों पुरानी परंपरा में इस बार दिखा नया संदेश:बिलासपुर प्रेस क्लब में सामान्यतः अध्यक्ष और सचिव द्वारा ध्वजारोहण किए जाने की परंपरा रही है। लेकिन इस बार कार्यकारिणी ने परंपरा से आगे बढ़कर सहभागिता और सम्मान का संदेश दिया।
स्व. डीपी चौबे ट्रस्ट भवन में कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह ने तिरंगा फहराया, जबकि राघवेंद्र राव सभा भवन स्थित प्रेस क्लब में उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी ने ध्वजारोहण किया। कार्यकारिणी की यह पहल पदाधिकारियों के बीच सम्मान, सहभागिता और लोकतांत्रिक भावना का सुंदर उदाहरण बनी।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सह सचिव हरि किशन गंगवानी, कोषाध्यक्ष किशोर सिंह, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव, वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व अध्यक्ष तिलक राज सलूजा, वीरेंद्र गहवई, वरिष्ठ पत्रकार पीयूष कांत मुखर्जी, गणेश विश्वकर्मा, रुद्राक्ष गोस्वामी, संतोष शर्मा, शिव तिवारी, नारायण नोनिया, पवन सोनी, रितु साहू, रवि शुक्ला, स्वाती मिश्रा, प्रवीण सिंह, सैय्यद जफर आगा, प्रियंका सिंह, अमन सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
प्रेस क्लब के सचिव संदीप करिहार पारिवारिक व्यस्तता के कारण इस वर्ष समारोह में शामिल नहीं हो सके।
समारोह के अंत में प्रसाद स्वरूप सेव और बूंदी का वितरण किया गया। पूरा प्रेस क्लब परिसर देशभक्ति, भाईचारे और सौहार्द की भावना से ओत-प्रोत रहा।
यह स्वतंत्रता दिवस समारोह सिर्फ तिरंगा फहराने का आयोजन नहीं रहा, बल्कि पत्रकारिता की उस विरासत को सलाम करने का अवसर बना, जिसने आजादी की लड़ाई में अपनी कलम को आवाज और जनचेतना का हथियार बनाया था।
