15 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़ :स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर रायगढ़ पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया। यह सम्मान उनके दीर्घ सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसेवा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।
वर्ष 2026 के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस के 11 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए चुना गया था। इनमें एसएसपी शशि मोहन सिंह का नाम सराहनीय सेवाओं के लिए चयनित अधिकारियों में शामिल रहा।

श्री शशि मोहन सिंह ने वर्ष 1997 में राज्य पुलिस सेवा से अपने करियर की शुरुआत की। मध्यप्रदेश के होशंगाबाद, इटारसी और भोपाल सहित विभिन्न स्थानों पर सेवाएं देने के बाद छत्तीसगढ़ गठन के पश्चात उन्होंने प्रदेश के कई जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। वर्ष 2012 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी के रूप में उन्होंने मैदानी क्षेत्रों के साथ चुनौतीपूर्ण नक्सल प्रभावित इलाकों में भी पुलिसिंग की जिम्मेदारी निभाई।

कानून-व्यवस्था से लेकर अपराध नियंत्रण, आंतरिक सुरक्षा और जनसेवा तक विभिन्न मोर्चों पर उनके अनुभव और नेतृत्व ने उन्हें एक सशक्त पुलिस अधिकारी के रूप में पहचान दिलाई।
पुलिस सेवा के साथ उनका रचनात्मक व्यक्तित्व भी चर्चा में रहा है। वे अभिनेता, कवि और लेखक के रूप में भी अपनी पहचान रखते हैं। उनकी रचनात्मक गतिविधियों में संवेदनशील पुलिसिंग, समाज के साथ बेहतर संवाद और सकारात्मक सामाजिक संदेशों की झलक देखने को मिलती है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री के हाथों राष्ट्रपति पुलिस पदक प्राप्त करना उनके लंबे सेवाकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल हो गया। यह सम्मान सिर्फ एक अधिकारी का व्यक्तिगत गौरव नहीं, बल्कि पुलिस सेवा के प्रति वर्षों के समर्पण, जिम्मेदारी और नेतृत्व का सम्मान है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक मिलने पर रायगढ़ पुलिस परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, सहकर्मियों, पुलिस परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों ने उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
