15 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने और इनकार करने पर तलवार व लोहे की रॉड दिखाकर धमकाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने दुकान में घुसकर जमकर गाली-गलौज की और बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अनुराग कश्यप (22) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे कश्यप कॉलोनी स्थित बरसैया ट्रेडर्स में राहुल गुप्ता अपने भाई के साथ मौजूद थे। इसी दौरान अनुराग कश्यप शराब के नशे में लोहे की रॉड लेकर दुकान में घुसा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने मारपीट की धमकी दी।
कुछ देर बाद आरोपी अपने घर से धारदार तलवार और लोहे की रॉड लेकर दोबारा दुकान पहुंचा और फिर पैसों की मांग करने लगा। इनकार करने पर उसने दुकान के बाहर खड़ी कार क्रमांक CG 10 BS 8468 में तोड़फोड़ कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपने पास रखे ब्लेड से खुद को घायल करने का प्रयास भी किया।
हंगामे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी गाली-गलौज और धमकी देते हुए फरार हो गया। शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 468/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में घटना स्वीकार करने के बाद उसकी निशानदेही पर एक धारदार तलवार, एक लोहे की रॉड और एक ब्लेड बरामद कर जब्त किया गया। हथियारों की बरामदगी के बाद प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धाराएं 25 एवं 27 भी जोड़ी गईं।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
