15 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। कोनी-मोपका बायपास रोड पर चाकू की नोक पर राहगीरों से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों पर कोनी पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि तीन विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों को बाल न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को कटनी निवासी बसंत कुमार मैहर अपने दोस्त के साथ कोनी-मोपका बायपास रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने उन्हें चाकू दिखाकर डराया और दो मोबाइल फोन तथा नकदी रकम लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर राजेश सूर्यवंशी (19), दुर्गेश लोनिया (28) और दुर्गेश लोनिया उर्फ दुर्गा (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इनके साथ तीन विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया।
पहचान कार्रवाई और पूछताछ के बाद आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए दो मोबाइल फोन और 230 रुपये नकद समेत कुल 16,730 रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 309(4), 310(2) बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। वहीं तीनों विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों को बाल न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया।
कार्रवाई में थाना कोनी पुलिस की त्वरित जांच और आरोपियों की लगातार पतासाजी अहम रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
