15 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। ग्राम खम्हरिया में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरों की चोरी का सीपत पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने चोरी के मामले में गांव के ही दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। कार्रवाई में थाना सीपत पुलिस के साथ एसीसीयू बिलासपुर की टीम की अहम भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य कुमार लहरे (22) और जावेद अली (25), दोनों निवासी ग्राम खम्हरिया, थाना सीपत, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम खम्हरिया निवासी सुंदर लाल मैत्री ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 अगस्त की सुबह करीब 5:10 बजे वह अपनी पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। करीब 6 बजे वापस लौटे तो घर के सामने का ताला टूटा मिला और पीछे का दरवाजा खुला हुआ था। घर के अंदर जाकर देखा तो आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे।
चोरी गए सामान में सोने का रानी हार, हार, चूड़ियां, अंगूठियां, सोने की चेन, कान के टॉप्स, माला, झुमके सहित चांदी की पायल, बिछिया और सिक्के शामिल थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बीट आरक्षकों से मिली सटीक सूचना के आधार पर संदेहियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आदित्य कुमार लहरे और जावेद अली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उनका मकान पीड़ित के मकान के आसपास होने के कारण उन्हें परिवार की गतिविधियों और मॉर्निंग वॉक पर जाने के समय की जानकारी थी। दोनों ने पहले घर की रेकी की और मॉर्निंग वॉक के लिए पति-पत्नी के निकलते ही पीछे के दरवाजे से घर में प्रवेश कर ताला तोड़कर आलमारी से सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए।
पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने चोरी के जेवर एक पुराने निर्माणाधीन मकान में छिपा दिए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 222.39 ग्राम सोने के जेवर और 239.37 ग्राम चांदी के जेवर, यानी चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया। वारदात में इस्तेमाल लोहे का रॉड भी जब्त किया गया है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शत-प्रतिशत मशरूका बरामद करने वाली पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
बरामदगी:
222.39 ग्राम सोने के जेवर
239.37 ग्राम चांदी के जेवर
ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे का रॉड
कार्रवाई: थाना सीपत पुलिस एवं एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम।
