14 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस से पहले बिलासपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मोर्चा संभाल लिया है। शहर में किसी भी आपराधिक गतिविधि को रोकने के लिए रेलवे स्टेशन, ट्रेनों, प्लेटफॉर्म, बस स्टैंड और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी और चेकिंग तेज कर दी गई है।

इसी कड़ी में थाना तोरवा, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने 13 अगस्त को बिलासपुर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया। पुलिस टीम ने साउथ बिहार एक्सप्रेस में यात्रियों और उनके सामान की बारीकी से तलाशी ली। चेकिंग के दौरान पुलिस के हाथ खतरनाक एवं धारदार हथियार लगे, जिन्हें तत्काल बरामद कर जब्त किया गया।

पुलिस को लगातार ऐसी सूचनाएं मिल रही थीं कि बिलासपुर में आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाने वाले खतरनाक चाकू और धारदार हथियार बाबा धाम, देवघर से लाए जा रहे हैं। इसी इनपुट के आधार पर रेलवे मार्गों पर विशेष निगरानी बढ़ाई गई है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में संदिग्ध यात्रियों, उनके सामान तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है।

पुलिस की टीम लगातार रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म, ट्रेनों, बस स्टैंड और शहर के अन्य संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग कर रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की जांच के साथ-साथ किसी भी संभावित आपराधिक गतिविधि को रोकने के लिए पुलिस बल को सतर्क रखा गया है।

बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अपराध की आशंका को रोकने के लिए यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर प्रधान संपादक
