13 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में महिला का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर उसे प्रताड़ित करने और ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मस्तूरी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को उनके ठिकानों से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अश्लील वीडियो वायरल करने की घटना स्वीकार की, जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में प्रार्थी ने थाना मस्तूरी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके भाई का हार्वेस्टर और ट्रैक्टर से कृषि परिवहन का व्यवसाय है। परिवहन कार्य की देखरेख के लिए पीतांबर पटेल और अजय चौधरी को रखा गया था। हिसाब-किताब में बेईमानी सामने आने के बाद दोनों को काम से हटा दिया गया था।
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने 9 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे कमल चौहान के पास पहुंचकर जातिगत गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद महिला से संबंधित अश्लील वीडियो मोबाइल में दिखाते हुए उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मस्तूरी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर अजय चौधरी, नरेश पटेल और पीतांबर सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किए जाने के बाद तीनों को 12 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को 13 अगस्त 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
अजय चौधरी, पिता अमृत चौधरी, उम्र 23 वर्ष, निवासी खपरी लिमतरा, थाना मस्तूरी।
नरेश पटेल, पिता कुश कुमार पटेल, उम्र 24 वर्ष, निवासी खपरी लिमतरा, थाना मस्तूरी।
पीतांबर सिंह, पिता बैजनाथ, उम्र 38 वर्ष, निवासी खपरी लिमतरा, थाना मस्तूरी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 77, 79, 296, 351(3), आईटी एक्ट की धारा 66ई, 67, 67बी तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(द), 3(1)(घ) के तहत कार्रवाई की है।
