13 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। अरपा नदी का गहरा पानी एक बार फिर एक परिवार की खुशियां निगल गया। सरकंडा थाना क्षेत्र के जबड़ापारा निवासी 14 वर्षीय सौरभ की गुरुवार सुबह नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर सरकंडा पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद करीब 10 फीट गहरे पानी से बालक का शव बरामद किया।

जानकारी के अनुसार, सौरभ सुबह घर से खेलने के लिए निकला था। कुछ देर बाद परिजनों को सूचना मिली कि वह अरपा नदी में डूब गया है। खबर मिलते ही परिजन बदहवास होकर नदी किनारे पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकंडा पुलिस ने राज्य आपदा मोचन बल की टीम को मौके पर बुलाया।

मोटर बोट के साथ नदी में उतरी बचाव टीम ने गहरे पानी में सौरभ की तलाश शुरू की। नदी की गहराई और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच जवान कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाते रहे। आखिरकार करीब 10 फीट गहराई में सौरभ का शव बरामद हुआ। जवानों ने शव को बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया।

जैसे ही सौरभ का शव परिजनों के सामने आया, पूरे घटनास्थल पर मातम पसर गया। बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं, भाई की मौत का सदमा सौरभ की बहन सहन नहीं कर सकी और वह मौके पर ही बेहोश हो गई। परिजनों की चीख-पुकार से अरपा नदी का किनारा गमगीन हो उठा।

एक पल में परिवार ने अपना मासूम चिराग खो दिया। घटना ने एक बार फिर अरपा नदी के गहरे और खतरनाक जलस्तर के बीच सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
