13 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
हाईवे किनारे खड़े ट्रेलरों और भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का जूटमिल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों सुनील कुमार केवट (30) और संदीप कुमार डहरिया (34) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को रिमांड पर भेज दिया गया। गिरोह का मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव पहले से ही बिलासपुर केंद्रीय जेल में बंद है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब 3 फरवरी 2026 को अमलीभौना स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-49 किनारे एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली। वाहन में सवार लोग मौके से फरार हो चुके थे। तलाशी के दौरान पुलिस को स्कॉर्पियो से 10 लीटर डीजल से भरी जरिकेन, करीब दो मीटर लंबा पाइप, लोहे का नुकीला सब्बल, दो मोबाइल और अलग-अलग नंबरों वाली नंबर प्लेटें मिलीं।
फर्जी नंबर प्लेट से पुलिस को गुमराह करने की कोशिश:जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो पर लगी सीजी-04-बीटी-0664 नंबर प्लेट फर्जी थी। परिवहन विभाग से जांच में इस नंबर का कोई वाहन रिकॉर्ड नहीं मिला। वहीं वाहन के अंदर मिली सीजी-12-बीटी-6416 नंबर प्लेट के आधार पर जांच आगे बढ़ी तो स्कॉर्पियो कोरबा निवासी मधुर निर्मलकर के नाम पंजीकृत मिली।
पूछताछ और किरायानामे की जांच में पता चला कि वाहन 30 दिसंबर 2025 को पुरुषोत्तम यादव को 45 हजार रुपये मासिक किराये पर दिया गया था।
ट्रेलर चालक के जागते ही भागे आरोपी, पलटी स्कॉर्पियो
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि पुरुषोत्तम यादव के कहने पर उन्होंने स्कॉर्पियो की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी। इसके बाद संदीप, सुनील, शिव कुमार रजक और कुलदीप साण्डे के साथ मिलकर हाईवे पर खड़े ट्रेलरों से डीजल चोरी करने लगे।
एक वारदात के दौरान ट्रेलर की डीजल टंकी का लॉक तोड़कर डीजल निकाला जा रहा था। इसी बीच ट्रेलर चालक की नींद खुल गई और उसने शोर मचा दिया। आरोपी स्कॉर्पियो से तेजी से भागने लगे, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-49 किनारे पलट गया। इसके बाद आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
मुख्य आरोपी जेल में, दो की तलाश जारी:पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव के खिलाफ कोरबा जिले के अलग-अलग थानों में चोरी सहित पांच प्रकरण दर्ज हैं। वह वर्तमान में बिलासपुर केंद्रीय जेल में निरुद्ध है। जूटमिल पुलिस ने न्यायालय से उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति लेकर प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर लिया है। उसे बिलासपुर जेल से रायगढ़ लाकर पूछताछ की जाएगी।
गिरोह के फरार सदस्य शिव कुमार रजक और कुलदीप साण्डे की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
मामले में जूटमिल थाने में अपराध क्रमांक 46/2026 के तहत बीएनएस एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, प्रधान आरक्षक लोमेश सिंह राजपूत, आरक्षक शांति मिरी और शिवा प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि हाईवे पर भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के अन्य सदस्यों तक भी जांच पहुंचाई जाएगी और फर्जी नंबर प्लेट, चोरी में प्रयुक्त वाहनों तथा पूरे नेटवर्क से जुड़े आरोपियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
