13 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ श्री अरुण देव गौतम के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में बिलासपुर पुलिस द्वारा पुलिस लाइन स्थित चेतना हॉल में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं पुलिस परिवार के लिए मेगा हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को बढ़ावा देना तथा गंभीर बीमारियों के लक्षणों की समय रहते पहचान कर उपचार एवं बचाव के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में संभागायुक्त बिलासपुर श्री सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह तथा अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर के यूनिट हेड श्री अजय कुमार गुप्ता सहित पुलिस विभाग एवं अपोलो हॉस्पिटल्स की चिकित्सकीय टीम उपस्थित रही।


पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम ने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का उद्देश्य केवल बीमारी का उपचार करना नहीं, बल्कि बीमारी के लक्षणों की समय पर पहचान कर गंभीर स्थिति बनने से पहले आवश्यक उपचार और बचाव सुनिश्चित करना है। उन्होंने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

शिविर में अपोलो हॉस्पिटल्स की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम द्वारा पेट एवं लीवर, रीढ़ एवं हड्डी रोग, सामान्य चिकित्सा, हृदय रोग, त्वचा रोग, प्रसूति एवं स्त्री रोग, फिजियोथेरेपी तथा आहार एवं पोषण संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।

इसके साथ ही रक्त शर्करा, रक्तचाप एवं सामान्य स्वास्थ्य की निःशुल्क जांच की गई। लीवर की जांच के लिए निःशुल्क फाइब्रोस्कैन तथा टाइटन आई प्लस द्वारा निःशुल्क नेत्र परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विशेष जोर दिया गया। अपोलो हॉस्पिटल्स द्वारा उपलब्ध कराई गई चिकित्सकीय टीम के सभी सदस्यों को स्मृति चिह्न भेंट कर धन्यवाद दिया गया।

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान:कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के उन मेधावी बच्चों को भी प्रोत्साहित किया गया, जिन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम ने मेधावी विद्यार्थियों को स्वयं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके माता-पिता को भी बधाई दी।
सम्मानित विद्यार्थियों में नमन तिवारी, अंजली राजपूत, अनुष्का खलखों, शिलादित्य चंदेल, श्रेयांश सिंह, साक्षी पाठक, रुद्र वाल्मीकि, रघुराज सिंह ठाकुर, करण मरावी, भावना पटेल और कमाना मरकाम शामिल रहे।
पुलिस भवनों और सुविधाओं का निरीक्षण:कार्यक्रम के बाद पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम ने बिलासपुर पुलिस की आधारभूत सुविधाओं एवं संरचना का निरीक्षण किया। इस दौरान नवनिर्मित एवं निर्माणाधीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस हॉस्पिटल, शहीद स्मारक और पुलिस लाइन बिलासपुर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
बिलासपुर पुलिस की यह पहल पुलिस बल के स्वास्थ्य एवं कल्याण के साथ-साथ पुलिस परिवार के बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्वस्थ एवं सशक्त पुलिस बल के माध्यम से प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए ऐसे स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
