12 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी शिवा सिंह ठाकुर (33) को कोनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को उसके ग्राम पौंसरा स्थित निवास से घेराबंदी कर पकड़ा। मामले में उसका साथी और आदतन गुंडा-बदमाश अर्जुन सिंह ठाकुर पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को करीब दोपहर 3 बजे आरोपी अर्जुन ठाकुर और शिवा ठाकुर ने दीपक भार्गव के साथ गाली-गलौज करते हुए बीयर की बोतल और हाथ-मुक्कों से मारपीट की थी। घटना में दीपक को गंभीर चोटें आई थीं। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।
प्रकरण में कोनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 18 मई को अर्जुन सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं शिवा ठाकुर लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
12 अगस्त 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि शिवा ठाकुर अपने ग्राम पौंसरा स्थित घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही कोनी पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और फरार आरोपी शिवा सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसके विरुद्ध विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष रिमांड के लिए प्रस्तुत किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोनी एवं पुलिस टीम द्वारा की गई।
