12 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। जूना बिलासपुर क्षेत्र में नगर निगम की सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफाई कर्मचारियों ने सड़क की सफाई के दौरान कचरा तो समेटा, लेकिन उसे निर्धारित स्थान तक ले जाने के बजाय कृष्णा इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान के पास ही छोड़ दिया और मौके से चले गए।

सड़क की सफाई के बाद यदि कचरा वहीं छोड़ दिया जाए तो कुछ ही देर में वह दोबारा सड़क और आसपास के क्षेत्र में फैलने की स्थिति में आ जाएगा। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब कचरा समेटकर हटाना ही नहीं है, तो सड़क की सफाई का आखिर फायदा क्या?

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सफाई व्यवस्था केवल सड़क बुहारने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। सफाई के बाद एकत्रित कचरे को उठाकर निर्धारित कचरा संग्रहण स्थल तक पहुंचाना भी नगर निगम की जिम्मेदारी है। दुकान के सामने कचरा छोड़ दिए जाने से गंदगी, दुर्गंध और आवागमन में परेशानी की स्थिति बन रही है।

स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सफाई कर्मचारियों को कचरा सड़क किनारे या दुकानों के सामने छोड़ने के बजाय उसे उचित स्थान तक पहुंचाने के स्पष्ट निर्देश दिए जाएं और क्षेत्र में नियमित, प्रभावी एवं व्यवस्थित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अब सवाल यह है कि निगम की सफाई व्यवस्था सिर्फ कागजों और औपचारिकता तक सीमित है या वास्तव में शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी भी निभाई जा रही है?
