11 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा स्थित शासकीय कम्पोजिट मदिरा दुकान में हुई सनसनीखेज लूट का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और स्कूटी, लूटे गए दो मोबाइल फोन, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, धारदार चाकू समेत कई औजार बरामद किए हैं।

सुरक्षाकर्मियों को चाकू की नोक पर लिया, हाथ-पैर बांधकर की लूट:घटना 3 अगस्त 2026 की सुबह करीब 3:30 बजे की है। गतौरा शराब दुकान में तैनात सुरक्षाकर्मी साहिल राय और हरकुंवर पंकज के पास अचानक करीब चार नकाबपोश पहुंचे। सभी आरोपी काले कपड़े पहने हुए थे। आरोपियों ने सुरक्षाकर्मियों के सिर और गर्दन पर चाकू अड़ाकर दुकान की चाबी मांगी।
चाबी नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने हरकुंवर पंकज के सिर, माथे और दाहिने हाथ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पैर बांध दिए गए और दुकान का ताला तोड़कर आरोपी अंदर दाखिल हो गए।

लॉकर काटने की पूरी तैयारी, लेकिन रकम तक नहीं पहुंच पाए:आरोपियों ने पहले से गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी और चाकू समेत अन्य सामान जुटा रखा था। दुकान के अंदर पहुंचने के बाद उन्होंने ग्राइंडर और छेनी की मदद से लॉकर तोड़ने की कोशिश की, लेकिन लॉकर नहीं टूट सका।
नकदी रकम हाथ नहीं लगने पर आरोपी दुकान से शराब की कुछ बोतलें, दोनों सुरक्षाकर्मियों के मोबाइल फोन और सीसीटीवी कैमरा व डीवीआर लेकर फरार हो गए।
पहले मोपका शराब दुकान को बनाया था निशाना
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कर्ज में डूबे हुए थे और कर्ज चुकाने के लिए शराब दुकान में रखी नकदी लूटने की योजना बनाई थी। वारदात से पहले आरोपी मोपका स्थित शराब भट्ठी भी पहुंचे थे, लेकिन वहां अधिक चहल-पहल होने के कारण योजना को टाल दिया।
इसके बाद आरोपी चिल्हाटी-फरहदा होते हुए गतौरा पहुंचे और यहां सुनसान समय का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।

सबूत मिटाने के लिए नदी में फेंका डीवीआर:पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने वारदात के बाद सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी नदी में फेंक दिया। उनका मकसद था कि पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से कोई सुराग न मिल सके। हालांकि पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे कैमरों के फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, चौथे की तलाश तेज:पुलिस ने मामले में अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना (24), पिंटू निषाद (25) और सुशील निर्मलकर (24) को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी थाना तोरवा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, स्कूटी, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, धारदार चाकू, दो मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया गया है।
वहीं मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी पूर्व में सीएमएस इन्फो सिस्टम कंपनी में कार्यरत था और शासकीय मदिरा दुकानों से नगद राशि संग्रह करने का काम करता था। उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में मस्तूरी पुलिस तथा एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर✍️प्रधान संपादक
