11 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। फरियादियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिल्हा पुलिस ने मंगलवार को थाना परिसर में शिकायत शिविर आयोजित किया। शिविर में थाना में प्राप्त आवेदनों के साथ वरिष्ठ पुलिस कार्यालयों से भेजी गई शिकायतों पर भी सुनवाई की गई।

नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी की उपस्थिति में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग एवं पुलिस स्टाफ ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान जमीन संबंधी मामलों में आवश्यक कार्रवाई की गई, जबकि पैसों के लेन-देन से जुड़े मामलों में पक्षकारों के बीच आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर समाधान कराया गया।

पुलिस के अनुसार, शिविर में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 14 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया। पुलिस की इस पहल से शिकायतकर्ताओं को थाना स्तर पर ही राहत मिली और उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाया गया।

बिल्हा पुलिस ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करना पुलिस की जिम्मेदारी है और ऐसे शिकायत शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
